शोहरतगढ़। अयोध्या श्रीराम जन्मभूमि मंदिर प्राण प्रतिष्ठा को लेकर एक भड़काऊ पोस्ट सोशल साइड इंस्टाग्राम पर शोहरतगढ़ के एक युवक ने पोस्ट किया है, जो तेजी से वायरल हो रहा है। इसमें विवादित बाबरी मस्जिद का फोटो डालकर दूसरे समुदाय के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी लिखी थी। पुलिस इस पोस्ट को संज्ञान में लेकर कार्रवाई में जुट गई। वहीं, विधायक विनय वर्मा ने इस पोस्ट को संज्ञान में लिया है। उन्होंने पुलिस को निर्देश दिया कि इस युवक को जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई करे।
22 जनवरी को पूरा भारत देश श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर जश्न मना रहा था। लोग घरों व मंदिरों में पूजा अर्चना कर रहे थे। खुशियां मना रहे थे। उसी दौरान शोहरतगढ़ कस्बे का एक युवक सोशल मीडिया के इंस्टाग्राम पर भड़काऊ पोस्ट डालकर लोगों को भड़काने का प्रयास किया। बताया जहा रहा यह पोस्ट 22 जनवरी के दिन सोशल साइड इंस्टाग्राम पर डाला गया था। लेकिन अमर उजाला इस भड़काऊ पोस्ट की पुष्टि नहीं करता है।
शोहरतगढ़ थानाध्यक्ष राज कुमार पांडेय ने बताया कि सोशल साइड इंस्टाग्राम पर डाले गए भड़काऊ पोस्ट जो वायरल हो रहे हैं। इसको संज्ञान में लेकर पुलिस इस मामले में युवक की पहचान व भड़काऊ पोस्ट की जांच में जुट गई है। जांच इस पोस्ट की पुष्टि होने पर कार्रवाई की जाएगी।