तहसील स्तर पर गठित कमेटी ने शुरू की परीक्षा केंद्र के लिए आवेदन करने वाले विद्यालयों की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से आयोजित होने वाली बोर्ड परीक्षा को लेकर तैयारियां चल रही हैं। परीक्षा केंद्र बनने के लिए ऑनलाइन आवेदन करने वाले विद्यालयों की असलियत जानने के लिए तहसील स्तर पर कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी की जांच रिपोर्ट के आधार पर ही परिषद परीक्षा केंद्र बनाने पर मुहर लगाएगा।
हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा में इस वर्ष तकरीबन 60 हजार से अधिक बच्चे शामिल होंगे। विभागीय कार्य तेज गति से चल रहा है। परिषद के निर्देश पर परीक्षा केंद्र बनाए जाने के लिए अगस्त माह में ऑनलाइन आवेदन मांगे गए थे। इसमें विद्यालय की ऑनलाइन लोकेशन, दूरी, फर्नीचर, कमरों की लंबाई चौड़ाई, सीसी कैमरा, शौचालय सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी बोर्ड के पोर्टल पर दी गई थी।
अब सुविधाओं की हकीकत जानने के लिए माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिलाधिकारी के निर्देशन में तहसील स्तर पर जांच टीम गठित कराई है। यह टीम आवेदन करने वाले राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन 208 विद्यालयों की जांच करेगी। जांच रिपोर्ट ऑनलाइन माध्यम से बोर्ड को भेजी जाएगी। इसके बाद वहां भी जांच की जाएगी। फिर केंद्रों की एक सूची जारी होगी। सूची पर आपत्तियां ली जाएंगी और फिर आपत्ति की जांच होने के बाद अंतिम रूप दिया जाएगा।
इस संबंध में जिला विद्यालय निरीक्षक उपेंद्र कुमार ने बताया कि तहसील स्तर पर गठित टीम विद्यालयों की जांच कर रही है। इसके बाद रिपोर्ट भेजने का कार्य किया जाएगा।