तेलौरा टोला बनौली में रोते-बिलखते पंचम यादव के परिजन। संवाद
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
मध्यप्रदेश के रीवा में हुए बस हादसे में गोल्हौरा थाना क्षेत्र के बनौली गांव के व्यक्ति की जान चली गई। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। भाई और पुत्र शव लेने के लिए रवाना हो गए हैं। गांव में मातम छाया हुआ है।
क्षेत्र के बनौली गांव निवासी पंचम हैदराबाद में रहकर नौकरी करते थे। गांव के प्रधान पूर्णवासी के मुताबिक, डेढ़ माह पहले ही वह हैदराबाद गए थे। दीपावली में गांव आ रहे थे। 19 अक्तूबर को वह इलाहाबाद की स्पेशल बस से गांव के लिए निकले थे। शनिवार को सूचना मिली की मध्यप्रदेश के रीवा जनपद में बस हादसे का शिकार हो गई है। उसमें कई लोगों की जान चली गई है, जिसमें पंचम भी शामिल हैं।
उधर, साथ गए गांव के सोनू ने पंचम के पुत्र जितेंद्र को फोन के माध्यम से हैदराबाद से जानकारी दी कि रीवा में बस हादसे का शिकार हो गई है, उसमें पंचम की मौत हो गई है। जितेंद्र को जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। परिवार के लोग रोने-बिलखने लगे। जितेंद्र ने रीवा पुलिस से संपर्क किया और रीवा के लिए रवाना हो गया है। रविवार शाम तक शव गांव पहुंचने की संभावना जताई जा रही है।
पंचम के चार पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। दो पुत्रों और एक पुत्री की शादी हो चुकी है। गांव कई दिनों से बाढ़ से घिरा हुआ है। लोग मुसीबत में जीवन गुजार रहे हैं। इसी बीच के एक व्यक्ति की मौत ने सबको और दुखी कर दिया है।