सिद्धार्थनगर। मौसम में अचानक आए बदलाव ने एक बार फिर गर्म कपड़ों के बाजार में रौनक ला दी है। कुछ दिन पहले तक जहां हल्की ठंड के कारण बाजार में सुस्ती छाई हुई थी। वहीं, अब कोहरे और दिन में ठंड के चलते लोग बड़ी संख्या में गर्म कपड़ों की खरीदारी के लिए बाजारों का रुख कर रहे हैं। इससे दुकानदार में उत्साह होने के साथ स्टाॅकों को भी खपाने में जुटे हैं।
अचानक बढ़ी ठंड के कारण स्वेटर, जैकेट, कोट, शॉल, मफलर, टोपी, दस्ताने और बच्चों के ऊनी कपड़ों की मांग तेजी से बढ़ गई है। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चों और बुजुर्गों के लिए गर्म कपड़ों की खरीदारी अधिक हो रही है। दुकानदार सुनील ने बताया कि पहले जहां ग्राहक को भारी छूट देने पर ही कपड़े खरीद रहे थे। वहीं, अब लोग खरीदारी अधिक कर रहे हैं।
सुबह- शाम पड़ रहा घना कोहरा लोगों को गर्म कपड़ा की खरीदारी करने के लिए मजबूर कर रहा है। दिन में धूप खिलने के बाद सुबह-शाम की गलन व बारिश की तरह पड़ रही ओस की बूंदें लोगों को कड़ाके की ठंड का अहसास करा रही हैं।
मांग बढ़ने से दुकानदार भी अपने पुराने स्टॉक को खपाने में जुट गए हैं। बाजार में अलग-अलग रेंज और डिजाइन के गर्म कपड़े उपलब्ध हैं। पिछले एक सप्ताह से पड़ रही ठंड से बिक्री में तेजी आई है।