बस्ती। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस पर मंगलवार को पेट के कीड़े मारने वाली कृमिनाशक दवा की गोली खिलाई जाएगी। इसके लिए जिले के स्वास्थ्य विभाग ने नौ लाख बच्चों को चिह्नित किया है। इस दिन वंचित रहने वाले बच्चों को मापअप राउंड चलाकर 13 फरवरी को दवा दी जाएगी। 19 साल के बच्चों को यह दवा दी जाएगी।
सीएमओ डॉ. राजीव निगम ने बताया कि जिलेभर के प्राथमिक विद्यालय, इंटर कॉलेज और आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ मदरसा में नौ लाख बच्चों को कृमिनाशक दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है। दवा खाली पेट नहीं खिलाई जाएगी। इसके अलावा यदि कोई बच्चा बीमार है तो उसे भी यह दवा नहीं दी जाएगी। स्वास्थ्य विभाग की टीम और प्रशिक्षित शिक्षक और आंगनबाड़ी, आशा कार्यकर्ता यह दवा खुद अपने सामने खिलाएंगी।
कहा कि गोली के खाने से कोई दुष्प्रभाव नहीं पड़ता, बल्कि स्वस्थ रखने में कारगर है। दवा का उद्देश्य केवल कीड़ों से मुक्ति नहीं, बल्कि बच्चों के समग्र स्वास्थ्य में सुधार लाना है। कीड़े खत्म होने से भूख बढ़ेगी। साथ ही शारीरिक विकास में आने वाली बाधाएं दूर होंगी। संवाद