सिद्धार्थनगर।
इस बार 25 दिसंबर से शुरू हो रहा सात दिवसीय कपिलवस्तु महोत्सव कई मायनों में ऐतिहासिक होगा। जनपद की स्थापना के बाद से यह पहला मौका होगा जब महोत्सव में मुख्यमंत्री और राज्यपाल शिरकत करेंगे। हालांकि, इनके कार्यक्रम की अधिकृत सूचना तो नहीं आई है मगर सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। इसके अनुसार जिला प्रशासन ने तैयारियां भी शुरू कर दी हैं। प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत मुख्यमंत्री 25 दिसंबर को कार्यक्रम का आगाज करेंगे तो 31 दिसंबर को राज्यपाल की मौजूदगी में समापन होगा।
जनपद स्थापना के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाला कपिलवस्तु महोत्सव अब तक तीन दिवसीय (29 से 31 दिसंबर) होता रहा है। जिला प्रशासन ने नई पहल करते हुए इस बार महोत्सव को सात दिवसीय किया है। आयोजन स्थल भी तहसील परिसर की जगह जिला जेल के सामने वाले मैदान को बनाया गया है। आर्ट गैलरी, कृषि प्रदर्शनी, फूड कोर्ट, शिल्प हाट, झूला मेला सहित कई नए कार्यक्रम शामिल किए गए हैं। लोक गायिका मालिनी अवस्थी, इंडियन आइडल फेम तूलिका गांगुली, मोनिका मिश्र अपने सुरों से महफिल सजाएंगी तो निजाम ब्रदर्स की कव्वाली, कमाल खान की गजल, ब्रज की होली और राजन श्रीवास्तव, सुरेश कुशवाहा की मौजूदगी में पूर्वांचल नाइट के कार्यक्रम खास आकर्षण के केंद्र हैं। कवि सम्मेलन में डॉ. राहत इंदौरी, गजेंद्र सोलंकी जैसे रचनाकारों की रचनाएं श्रोताओं को सुनने को मिलेगी। सबसे खास बात यह कि खुद मुख्यमंत्री और राज्यपाल भी इस आयोजन के साक्षी बनेंगे। 25 दिसंबर को उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आगमन संभावित है तो 31 दिसंबर को समापन पर राज्यपाल रामनाइक की मौजूदगी रहेगी। महोत्सव के कार्यक्रम संयोजक और प्रभारी जिला सूचना अधिकारी आशुतोष पांडेय के मुताबिक मुख्यमंत्री और राज्यपाल को आमंत्रण भेजा गया था। दोनों के कार्यक्रम की सैद्धांतिक सहमति प्राप्त हो चुकी है। उम्मीद है कि दोनों अतिथि कार्यक्रम में शामिल होंगे। उसके अनुसार तैयारी भी शुरू कर दी गई है। जल्द ही मिनट-टू-मिनट कार्यक्रम भी आ जाएगा।