सिद्धार्थनगर।
पुरानी पेंशन योजना को लागू करने सहित नौ सूत्रीय मांगों को लेकर राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के बैनर तले विभिन्न विभागों के कर्मचारियों ने विकास भवन परिसर में मंगलवार को धरना दिया। मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार सदर नंदप्रकाश मौर्य को सौंपा। समस्याओं के जल्द समाधान नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष अनिल सिंह ने कहा कि हर सरकार कर्मचारियों से बड़े-बड़े वादे करती है लेकिन कर्मचारी हित में कोई कदम नहीं उठाती। प्रदेश सरकार नौकरी तो दे नहीं रही है। अलबत्ता 50 वर्ष की उम्र वाले कर्मचारियों की छंटनी कर रही है। यह कर्मचारियों के हित में नहीं है। सरकार अपने आदेश को वापस ले, अन्यथा कर्मचारी कार्य छोड़कर सड़क पर उतरने को विवश होंगे। कहा कि पुरानी पेंशन योजना कर्मचारियों के हित में है। इसे फिर से लागू किया जाना चाहिए। प्रदेश के शिक्षकों और कर्मचारियों को केंद्र के समान वेतन दिया जाए। स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत आशा कार्यकर्ताओं को महंगाई को देखते हुए मानदेय बढ़ाया जाए। संविदा, आउट सोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को नियमित किया जाए। कहा कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान सुजीत कुमार जायसवाल, भूपेश शुक्ला, दीपेंद्र मणि त्रिपाठी, जोखन प्रसाद कन्नौजिया, रणजीत कुमार, अश्वनीकर पाठक, श्रीपति मौर्य, तेज प्रताप, पुष्पा सिंह, विनीता, राजेश श्रीवास्तव, संतोष पाठक आदि मौजूद रहे।