भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के महनुआ खास में स्वच्छ भारत मिशन का सपना चकनाचूर हो रहा है। इस गांव में कागजों में भले ही शासन की मंशा पूरी हो रही है, धरातल पर तो मिशन हवा-हवाई ही है।
इसका अंदाजा गांव के मुख्य मार्ग को देखकर लगाया जा सकता है।महनुआ खास गांव निवासी नूरुल हसन ने कहा कि गांव में जल निकासी के लिए बनी नालियां जाम होकर रह रही हैं।
नालियों का गंदार पानी ऊफनाकर रास्ते पर बह रहा है। सर्वाधिक दिक्कत जुमे के दिन होती है, जब उन्हें जुमे की नमाज अदा करने के लिए इसी रास्ते से होकर जाना पड़ता है।
गांव निवासी जितेंद्र ने कहा कि गांव में तैनात सफाई कर्मी की लापरवाही से ब्लॉक के जिम्मेदार अधिकारी वाकिफ हैं, लेकिन अधिकारियों की रहनुमाई पर बिना काम किए ही वेतन निकाल रहा है। गांव के ही अज्ञाराम, रामभवन, फूलचंद, मंशाराम, तौफीक अहमद आदि ने कहा कि जाम नालियों का पानी सडने से उससे उठने वाली सड़ांध से घरों में बैठना भी मुश्किल हो गया है।
गर्मी का सीजन शुरू हो गया है, ऐसे में साफ -सफाई के अभाव में गांव में कई संक्रामक बीमारियां दस्तक दे सकती हैं। ग्रामीणों ने काम में लापरवाही बरतने वाले सफाई कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
ब्लॉक क्षेत्र के मुबारकपुर, पिपरा कानूनगो, भड़रिया सहित कई गांवों में भी सफाई कर्मियों की लापरवाही से गंदगी का अंबार लगा है। लोगों ने गांव में साफ -सफाई व्यवस्था की जांच कर कार्रवाई करने की मांग की है। इस संबंध में भनवापुर ब्लॉक क्षेत्र के एडीओ पंचायत गुलाब सिंह ने बताया कि गांवों में सफाई व्यवस्था की जांच करवायी जाएगी। जहां भी सफाईकर्मियों की लापरवाही मिलेगी, वहां कार्रवाई की जाएगी।