संवाद न्यूज एजेंसी।
शोहरतगढ़। क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बिजली आपूर्ति की व्यवस्था इन दिनों बदतर है। कहने को तो 18 घंटे बिजली आपूर्ति का रोस्टर है, लेकिन 10 घंटे भी सुचारु रूप से बिजली नहीं मिल पा रही है।
उमस भरी गर्मी में पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया है। रात्रि में बिजली की आपूर्ति की आंख मिचोली से नागरिकों में त्राहि-त्राहि मची रहती है।
15 दिनों से रात्रि के समय लो वोल्टेज की समस्या रहती है। जेई व विद्युत निगम के कर्मचारियों का फोन न उठने पर कई लोगों ने आवाज उठाई है और बिजली की समस्या का समाधान करवाने की मांग की। दिन में जिस्म झुलसाने वाली धूप तो रात में उमस भरी गर्मी से जनमानस व्याकुल है। बिजली की बेहतर आपूर्ति राहत दे सकती है। लेकिन इन दिनों व्यवस्था बदहाल है। कब फाल्ट की समस्या हो जाए और कब अघोषित कटौती, कुछ पता नहीं है। छोटी-छोटी गड़बड़ी ठीक करने में कई-कई घंटे लग जाते हैं। क्षेत्र के अभय सिंह, विष्णु कुमार उमर, श्यामसुंदर चौधरी, अरमान अंसारी, निलेश चौधरी, चंदन पांडेय, शैलेश वर्मा, सलमान इदरीसी, अमन वर्मा, अभिषेक, सूरज, सोनू , नौशाद अलाम , कलाम , सर्वजीत , मुकेश आदि नगर वासियों ने भी विद्युत कटौती व लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान की मांग की है।