सिद्धार्थनगर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय कपिलवस्तु व उससे जुड़े महाविद्यालयों में इस बार समर्थ पोर्टल से प्रवेश करवाया जाएगा, लेकिन अभी तक समर्थ पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू नहीं होने से छात्र-छात्राओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई छात्र अन्य विश्वविद्यालय में प्रवेश को लेकर भी चक्कर लगा रहे हैं।
शासन के निर्देश पर सभी को डिजिटल माध्यम से जोड़ने के लिए समर्थ पोर्टल से ही प्रवेश करवाया जाएगा। इसको लेकर तैयारी भी की जा रही है, लेकिन अभी तक समर्थ पोर्टल शुरू नहीं हो पाया है। जबकि शिक्षकों का विवरण भरने के लिए शुरू कर दिया गया है। सर्वर व्यस्त होने से वह आवेदन नहीं कर पा रहे हैं। समर्थ पोर्टल पर आवेदन करने के बाद ही छात्र-छात्राओं को विश्वविद्यालय व उससे संबद्ध महाविद्यालय में प्रवेश मिल पाएगा।
इंटरमीडिएट का परिणाम आने के लगभग एक माह बाद भी समर्थ पर पंजीकरण शुरू नहीं हो पाया है। विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. कविता शाह ने बताया कि इसको लेकर बैठक की जा रही है। उसके बाद समर्थ पोर्टल पर पंजीकरण प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी। विश्वविद्यालय में पंजीकरण शुरू होते ही महाविद्यालय में भी रजिस्ट्रेशन शुरू हो जाएगा।