रामपुर कारखाना। पांडेचक बिजली उपकेंद्र पर मंगलवार की दोपहर अचानक आग लगने से सीटी (सीटी) और ब्रेकर धू-धू कर जल गए। इस घटना के चलते रामपुर कारखाना, पांडेचक और रुस्तमपुर फीडर की विद्युत आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।
उपकेंद्र से जुड़े करीब 10 हजार उपभोक्ता बिजली गुल होने से भीषण गर्मी में परेशान हो गए। कई घरों में पानी की टंकियां खाली हो गईं, जबकि इनवर्टर भी जवाब दे गए। अचानक बिजली कटने से दैनिक जीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया। बिजली संकट का सबसे अधिक असर किराए के मकान में रहने वाले लोगों पर पड़ा, जिन्हें पानी और अन्य आवश्यक सुविधाओं के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही विद्युत विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचकर मरम्मत कार्य में जुट गए। इस संबंध में एसडीओ शुभम त्रिपाठी ने बताया कि रिस्टोर का प्रयास किया जा रहा है। कब तक सफलता मिलेगी अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।