नहाने गए तीन बच्चों की पोखरे में डूबकर मौत
ग्रामीणों की मदद से शव को निकाला गया बाहर
पुलिस ने पंचनामा करके शव को परिजनों को सौंपा
बांसी कोतवाली क्षेत्र के सुकरौली गांव की घटना
अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर/बांसी। सुकरौली गांव में शनिवार सुबह पोखरे में नहाने के लिए गए तीन बच्चों की डूबने से मौत हो गई। परिजन और गांव वालों की मांग पर पुलिस ने पंचनामा करने के बाद बच्चों के शव को अभिभावकों को सुपुर्द कर दिया। घटना के बाद तीनों घर में मातम का माहौल है। आसपास के गांवों में इस दुखद घटना की चर्चा देर शाम तक होती रही।
बांसी थाना क्षेत्र के सुकरौली गांव के बाहर एक बड़ा पोखरा है। वहां पर भैंस नहलाने के साथ लोग पोखरे में नहाते भी हैं। गांव के दिलीप का 11 वर्षीय बेटा शिवम, प्रदीप का 8 वर्षीय बेटा आदर्श और दयानिधि का 10 वर्षीय बेटा आदित्य शनिवार सुबह एक साथ घर से निकले थे। करीब दो घंटे बीतने के बाद परिजन बच्चों को खाना खिलाने के लिए उन्हें तलाशने निकले। गांव में तीनों का कुछ पता नहीं चला। बच्चों के खोने की सूचना पर गांव वाले उन्हें तलाशने निकल पड़े। सिवान में गांव के पूर्व स्थित पोखरा है। तलाशते हुए पोखरे के पासपहुंचे लोगों ने तीनों बच्चों को पोखरे में उतराते देखा तो कोहराम मच गया। आनन-फानन कई ग्रामीण पोखरे में कूद पड़े। तीनों को पोखरे से बाहर निकाला गया और जान बचाने के लिए लोगों द्वारा प्रयास किया गया लेकिन तीनों बच्चे दम तोड़ चुके थे।
बच्चों के डूबने की खबर गांव में फैल गई और थोड़ी ही देर में पोखरे के पास भीड़ इकट्ठा हो गई। सूचना मिलने पर मौके पर बांसी थाने की पुलिस पहुंची। दुखी परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से मना किया तो ग्रामीण भी उनके समर्थन में बोलने लगे। इस पर पुलिस ने पंचनामा की कार्रवाई की व बच्चों के शव अभिभावकों को सौंप दिए। कोतवाल शैलेश कुमार सिंह ने बताया कि परिजन किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई करने से इनकार किया। तीनों बच्चों का अलग-अलग पंचनामा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया है।
एक साथ तीन बच्चों की मौत से गांव में छाया मातम
सुकरौली गांव में एक साथ पोखरे मेें तीन बच्चों की डूबकर मौत की खबर से गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की जानकारी मिलने के बाद विधायक राघवेंद्र प्रताप सिंह गांव पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी। इसके साथ ही एसडीएम बांसी शिवमूर्ति सिंह व सीओ आरके तिवारी भी गांव पहुंचे और घटना के बारे में जानकारी ली। साथ परिजनों को हर संभव मदद दिलाने का भरोसा दिलाया।