प्रमुख व बीडीसी का शपथ ग्रहण आज, नामित हुए अधिकारी
सिद्धार्थनगर। सभी 14 ब्लॉक के नवनिर्वाचित प्रमुखों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) का मंगलवार को शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित होगा। सभी ब्लॉक कार्यालय पर होने कार्यक्रम में शपथ कराने के लिए डीएम दीपक मीणा ने अधिकारी नामित कर दिया है।
डीएम दीपक मीणा ने बताया कि शासन से मिले निर्देशों के अनुसार 20 जुलाई को नवनिर्वाचित ब्लॉक प्रमुखों एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) का शपथ ग्रहण कराया जाएगा। इसके साथ ही इसी दिन सभी क्षेत्र पंचायतों की पहली बैठक होगी और ब्लॉक प्रमुखों का हस्ताक्षर संबंधित बैंकों में भेजते हुए उन्हें कार्यभार भी ग्रहण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि नामित अधिकारी ब्लॉक प्रमुखों को शपथ दिलाएंगे और प्रमुख अथवा खंड विकास अधिकारी की ओर से सभी क्षेत्र पंचायत सदस्य (बीडीसी) को शपथ दिलाई जाएगी। इस कार्यक्रम के आयोजन की जिम्मेदारी संबंधित ब्लॉकों के खंड विकास अधिकारी की होगी।
नौगढ़ ब्लॉक में एसडीएम नौगढ़, बर्डपुर में जिला समाज कल्याण अधिकारी, लोटन में जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, उसका बाजार में जिला दिव्यांगजन अधिकारी, जोगिया में भूमि संरक्षण अधिकारी, बांसी में एसडीएम बांसी अधिकारी नामित किए गए हैं। इटवा में स्थानीय एसडीएम, मिठवल में जिला प्रोबेशन अधिकारी, खुनियांव में जिला कृषि रक्षा अधिकारी, डुमरियागंज में स्थानीय एसडीएम, भनवापुर में जिला पूर्ति अधिकारी और बढ़नी में सहायक आयुक्त सहकारिता अधिकारी नामित किए गए हैं।