कलेक्ट्रेट परिसर में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। मांगें पूरी न होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। कलेक्ट्रेट में धरनारत आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को थाली-चम्मच बजाकर सरकार के प्रति नाराजगी व्यक्त की। साथ ही मांगें पूरी न होने तक धरना जारी रखने की चेतावनी दी। बढ़नी की ब्लाक अध्यक्ष निर्मला श्रीवास्तव ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व सहायिकाओं को सरकार असहाय समझ रही है। इसलिए हमारी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। लेकिन सरकार को आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी ताकत का एहसास करा कर रहेंगी। सरकार से काम करने के लिए 18 हजार रुपये मानदेय देने की मांग की जा रही है जो कि हमारा हक है। उसे भी सरकार देने में हीलाहवाली कर रही है।
कहा कि जब तक राज्य कर्मचारी घोषित नहीं कर दिया जाता है, मानदेय में वृद्धि नहीं की जाती है। इसके अलावा अन्य मांगें पूरी नहीं होंगी, धरना अनवरत जारी रहेगा। संगीता दुबे ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कर्मचारियों की समस्याओं का नजरअंदाज कर रही है। जिसे हम किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं करेंगे। इस दौरान कौशिकी, रीता पांडेय, निर्मला श्रीवास्तव, माया देवी, पुष्पा, रीता, ज्ञानमती, अनिता, देवकी, स्नेहलता, केतकी, रूपा, कामिनी, गीता, रीना, संगीता दुबे, प्रमिला देवी, सरिता, मालती, रेखा, पूनम, आदि मौजूद रहीं।