नगर पंचायत बिस्कोहर के चेयरमैन अजय गुप्ता ने सोशल मीडिया पर दिया बयान
संवाद न्यूज एजेंसी
इटवा। नगर पंचायत विस्कोहर के चेयरमैन अजय गुप्ता ने एक बड़े नेता के इशारे पर उत्पीड़न किये जाने का आरोप लगाया है। इनका कहना है कि उक्त नेता के इशारे पर त्रिलोकपुर पुलिस ने मेरे सहित मेरे छह भाइयों पर गंभीर धाराओं में फर्जी मुकदमा दर्ज किया है।
उन्होंने सोशल मीडिया पर डाले अपनी पोस्ट में दिए बयान में कहा है कि नगर पंचायत के चुनाव में भी इन्होंने मेरा विरोध किया था। परंतु जनता के समर्थन से वह चेयरमैन पद का चुनाव जीत गए।
चेयरमैन अजय गुप्ता का कहना है कि उनके द्वारा किए जाने वाले विकास कार्यों में उक्त नेता द्वारा अवरोध पैदा किया जाने लगा। ऐसा मेरी पिछड़ी जाति से होने के चलते हैं। परंतु वह पार्टी की नीतियों के अनुसार विकास कार्यों में लगा रहा। इसी दौरान एक मामले में एक व्यक्ति की तहरीर पर त्रिलोकपुर पुलिस ने मेरे सहित मेरे छह भाईयों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया। जबकि इस मामले में मेरा व मेरे भाइयों का कोई लेना-देना नहीं था। यही नहीं मेरे समर्थकों के बीच भी भ्रम फैलाया जा रहा है। जबकि मैं पूर्व 2014 व 2019 की तरह आज भी पार्टी प्रत्याशी के प्रचार प्रसार में लगा हुआ हूं। इसके बावजूद स्थानीय थाने की पुलिस परेशान करने की नीयत से अकारण रोक रही है और मुझ पर शंका व्यक्त कर रही है। इस संबंध में एसओ त्रिलोकपुर चंदन कुमार ने सारे आरोपों से इनकार करते हुये कहा कि निरीक्षण के दौरान इनकी सहमति से इनकी गाड़ी को भी चेक किया गया।