भवानीगंज थाना क्षेत्र के बढ़नी चाफा गांव में तीसरे चरण के मतदान के दौरान जमकर बवाल हुआ। फर्जी वोटिंग को लेकर एक प्रत्याशी के समर्थकों ने हंगामा करते हुए मतदान दल को मतपेटी ले जाने से रोकने की कोशिश की।
रोड जाम कर दिया। पुलिस के बल प्रयोग से भड़के ग्रामीणों ने चुनाव ड्यूटी में लगे पुलिस वाहन को फूंक दिया। उपद्रवियों को खदेड़ने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले दागे।
इस दौरान फायरिंग में एक ग्रामीण के घायल होने की सूचना है। हालांकि एसपी ने फायरिंग से इंकार किया है। देर रात तक गांव में कफ्र्यू जैसे हालात बने हुए थे। बढ़नी चाफा के राजेंद्र भारती इंटर कालेज में मतदान हो रहा था।
शाम करीब साढ़े तीन बजे एक प्रत्याशी ने मतदान कर्मचारियों पर मिलीभगत कर फर्जी वोट डलवाने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया।
बड़ी संख्या में प्रत्याशी समर्थक सड़क पर उतर आए। गांव की मुख्य सड़क को जाम कर मतपेटी ले जाने से रोकने लगे। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। भीड़ को हटाने के लिए सुरक्षा कर्मियों ने लाठियां भांजी। ग्रामीण इससे और भड़क गए।
गुस्साए ग्रामीणों ने बूथ पर खड़ी चुनाव ड्यूटी में लगी पुलिस की गाड़ी (मैजिक) में आग लगा दी। कुछ ही देर में कई थानों की फोर्स और पीएसी मौके पर पहुंच गई। स्थिति बेकाबू होती देख पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े।
बताते हैं कि इस दौरान हुई फायरिंग में गांव के बाबूलाल वर्मा को गोली लगी, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बस्ती रेफर कर दिया गया। हालांकि घटनास्थल पर पहुंचे एसपी ने फायरिंग से इन्कार किया है। एसपी अजय कुमार साहनी के मुताबिक बूथ पर कुछ लोग हंगामा कर रहे थे। पुलिस बल ने स्थिति को नियंत्रण में ले लिया है। मतपेटी को सुरक्षित ढंग से बूथ से भिजवा दिया गया है। किसी भी तरफ से फायरिंग नहीं हुई है।