अंबेडकर सभागार में हुई बैठक में एडीएम ने दिए निर्देश।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। मूल्य समर्थन योजना अंतर्गत गेहूं खरीद के लिए जनपद में स्थापित क्रय केंद्र प्रभारियों व व्यवस्था में जुड़े अन्य अधिकारियों-कर्मचारियों की बैठक गुरुवार को अंबेडकर सभागार में हुई। बैठक में एडीएम बाबूराम ने शासन से निर्धारित न्यूनतम समर्थन मूल्य पर किसानों का एक-एक दाना पूरी पारदर्शिता के साथ खरीदने का निर्देश दिया। एडीएम ने कहा कि गेहूं की खरीदारी प्रत्येक दशा में पहली अप्रैल से शुरू कर दें। खरीद कार्य में लापरवाही बरतने वाले केंद्र प्रभारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। जिन केंद्रों के इलेक्ट्रॉनिक कांटे खराब पड़े हैं, उन्हें कैंप मेें लाकर सही करा लें। आरएफसी बस्ती मंडल रवि कुमार श्रीवास्तव ने सभी केंद्र प्रभारियों को निर्देश देते हुए कहा कि क्रय केंद्रों पर अगर बिचौलियों के माध्यम से गेहूं खरीद की शिकायत मिली तो केंद्र प्रभारियों पर कठोर कार्रवाई होगी।
सहायक निबंधक सहकारिता अशोक कुमार ने बैठक में उपस्थित सभी केंद्र प्रभारियों से व्यवस्था के संबंध में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने बताया कि इलेक्ट्रॉनिक कांटों को ठीक करने का कार्य 31 मार्च को मंडी समिति नौगढ़ व पहली अप्रैल को मंडी समिति सहियापुर में होगा। कांटों का सत्यापन भी अनिवार्य होगा। जिले में खाद्य विभाग के 13, पीसीएफ. के 40, यूपीएसएस के 8, यूपी एग्रो का एक, कर्मचारी कल्याण निगम के दो क्रय केंद्र निर्धारित किए गए हैं। बैठक में जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी जितेंद्र यादव, जिला प्रबंधक पीसीएफ सत्यम सिंह कटियार सहित सभी केंद्र प्रभारी व मंडी समिति के सचिव मौजूद रहे।