सीडीओ ने निर्माणाधीन डिडई-घोसियारी सड़क का किया निरीक्षण
संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। सीडीओ जयेंद्र कुमार ने प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण योजना के तहत ग्रामीण अभियंत्रण विभाग की निर्माणाधीन डिडई से घोसियारी संपर्क मार्ग का निरीक्षण किया। ग्रामीणों के डिडई गांव एवं करमा चौराहे पर अक्सर जलभराव होने की शिकायत करने पर उन्होंने कार्यदायी संस्था को जलनिकासी का इंतजाम कर सड़क निर्माण कार्य जल्द पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान सीडीओ जयेंद्र कुमार ने करमा चौराहे पर स्थानीय ग्रामवासियों से समस्याओं के संबंध में बात की। ग्रामवासियों ने बताया कि पूर्व में नाला बना था, परंतु जलनिकासी का प्रबंध सही न से होने के कारण समस्या होती है। इस पर सहायक अभियंता ने बताया कि सभी गांवों एवं आबादी में सीसी रोड का निर्माण होना है।
सहायक अभियंता ने बताया कि 9.06 किलोमीटर लंबाई में एफडीआर तकनीक से संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस पर लेपन का कार्य कराया जाना है। मार्ग की संपूर्ण लंबाई में जलनिकासी के लिए एक तरफ नाली का भी निर्माण किया जाएगा। डिडई गांव के पास छोटी पुलिया संकरी एवं क्षतिग्रस्त है।
इस संबंध में बताया गया कि सभी चिह्नित स्थान पर नई पुलिया बननी है। सहायक अभियंता को निर्देशित किया गया कि निर्धारित समय सीमा के तहत मानक के अनुरूप संपर्क मार्ग का निर्माण कार्य पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। निरीक्षण के समय सहायक अभियंता अर्पित सिंह, अवर अभियंता आशीष कुशवाहा उपस्थित रहे।