सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रहेगी चित्रगुप्त भगवान की मूर्ति
सिद्धार्थनगर। पुरानी नौगढ़ स्थित डोम राजा के पुल के पास बृहस्पतिवार शाम नगर पालिका परिषद ने भगवान चित्रगुप्त की मूर्ति स्थापित की। अराजक तत्वों ने मूर्ति खंडित कर दी थी। इस बार मूर्ति की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरा लगा दिया गया है। सदर विधायक श्यामधनी राही और चेयरमैन श्याम बिहारी जायसवाल ने यहां पूजा की।
विधायक श्यामधनी राही ने बताया कि वर्षों पहले अराजक तत्वों ने चित्रगुप्त भगवान की मूर्ति को तोड़ दिया था। उस समय नगरपालिका में समाजवादी पार्टी के चेयरमैन थे। 11 साल बाद मूर्ति पुनरस्थापित कर वर्तमान चेयरमैन श्याम बिहारी जायसवाल ने न सिर्फ कायस्थ समाज का मान बढ़ाया है, बल्कि नगर को एक अद्वितीय ऐतिहासिक धरोहर उपलब्ध कराई है। नगर पालिका ने अब तक पांच विवाह घर, चार बाल मनोरंजन पार्क, 12 मंदिरों का जीर्णोद्धार कराया है।
चेयरमैन श्याम बिहारी जायसवाल ने बताया कि चित्रगुप्त पार्क फिर से स्थापित होने से डोम राजा के पुल और इस स्थल का महत्व और बढ़ गया है। एक वक्त था जब लोग रात में यहां जाने से डरते थे, और आज रात में 12 बजे भी यहां युवाओं का आना-जाना बना हुआ है।
इस दौरान कायस्थ समाज के जिलाध्यक्ष केएम लाल श्रीवास्तव, बुद्ध विद्यापीठ डिग्री के प्राचार्य डॉ अभय श्रीवास्तव, देवानंद श्रीवास्तव, सरवन श्रीवास्तव, प्रेम प्रकाश श्रीवास्तव, संतोष चौधरी, विजय कुमार, अमित सिंह, दिनेश श्रीवास्तव उपस्थित रहे।