सिद्धार्थनगर। उसका बाजार क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात रहे तीन शिक्षकों को अभिलेखों में गड़बड़ी पाए जाने पर बीएसए ने बर्खास्त कर दिया है। 14 सितंबर को मामले में बीईओ उसका ने उसका बाजार थाने में तीनों फर्जी शिक्षकों के खिलाफ तहरीर दे दी, इसके बावजूद अब तक केस दर्ज नहीं हुआ।
दरअसल, उस्का बाजार के प्राथमिक विद्यालय भठिया में तैनात सहायक अध्यापक सचिदानंद पांडेय, प्राथमिक विद्यालय परसा बुजुर्ग में तैनात सहायक अध्यापक अंजू जायसवाल व प्राथमिक विद्यालय ऊंटापार में तैनात सहायक अध्यापक पूजन जायसवाल के अभिलेख जांच पड़ताल में फर्जी मिले। इसके बाद बीएसए ने तीनों को बर्खास्त कर दिया। इसमें सचिदानंद पांडेय को 13 सितंबर 2022, पूजन जायसवाल को 20 सितंबर 2022 व अंजू जायसवाल को 24 अप्रैल 2023 को बर्खास्त कर दिया था। इन फर्जी शिक्षकों की बर्खास्तगी के बाद बीएसए ने बीईओ उसका बाजार को इन पर केस दर्ज कराने का निर्देश दिया था। बीईओ उस्का बाजार महेंद्र कुमार ने 14 सितंबर को तीनों बर्खास्त फर्जी शिक्षकों के खिलाफ उस्का बाजार थाने पर तहरीर दी। तहरीर दिए 16 दिन हो गए पर अब तक इन पर केस दर्ज नहीं हुआ।
..........
बर्खास्त फर्जी शिक्षकों के खिलाफ तहरीर मिली है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
-दिनेश कुमार सरोज, एसओ उसका बाजार