कोहरे के कारण गड्ढे में गिरी कार
कार में सवार थे पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित तीन लोग
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सबको बाहर निकाला
संवाद न्यूज एजेंसी
भनवापुर। त्रिलोकपुर थानाक्षेत्र के बैनिया खास गांव के पास घने कोहरे के कारण पूर्व ब्लॉक प्रमुख की कार पुलिया से टकराकर गड्ढे में चली गई। ग्रामीणों की मदद से कार सवार तीन लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
क्षेत्र के रतनुपर गांव निवासी भनवापुर ब्लॉक के पूर्व प्रमुख मार्कंडेय पांडेय मंगलवार की देर शाम क्षेत्र में किसी कार्य से लौट रहे थे। देर रात घने कोहरे के कारण उनकी कार बैनिया गांव के पास पुलिया से टकराकर अनियंत्रित होकर गड्ढे में चली गई। हादसे की जानकारी होते ही गांव के लोग मौके पर पहुंच गए। इसके बाद एक-एक करके कार में सवार तीन लोगों को बाहर निकाला गया। सभी सुरक्षित हैं, किसी को चोट नहीं आई है। हादसे के दौरान कार में हनीफ, संजय तिवारी भी बैठे थे। ग्रामीणों ने ही सभी को घर भेजवाया। एसओ त्रिलोकपुर रणधीर मिश्र ने बताया कि हादसे की जानकारी मिली थी। किसी को चोट नहीं लगी है, सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।