महुली थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत भैंसही उर्फ भैंसवारिया में जल जीवन मिशन के तहत निर्माणाधीन पानी की टंकी का छज्जा और शटरिंग टूटकर करीब 40 फीट नीचे गिर गया। हादसे में दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। एक मजदूर की इलाज के दौरान गोरखपुर मेडिकल कॉलेज में बुधवार देर शाम मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, गांव में जल जीवन मिशन के तहत पानी की टंकी का निर्माण कराया जा रहा है। बुधवार को करीब 40 फीट ऊंची टंकी की सीढ़ी के छज्जे की ढलाई का कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक छज्जा और शटरिंग का एक बड़ा हिस्सा भरभराकर नीचे गिर गया।
हादसे में लड्डन अली पुत्र हनीफ निवासी सोहंग महुआ खुर्द, थाना तुर्कपट्टी, जनपद कुशीनगर और शोभराज, निवासी अहिरौली गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तत्काल जिला अस्पताल संतकबीरनगर ले जाया गया। शोभराज के सिर में गंभीर चोट होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उपचार के दौरान बुधवार देर शाम उनकी मौत हो गई।
इधर, ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में घटिया सामग्री के प्रयोग का आरोप लगाया है। ग्रामीणों का कहना है कि छज्जे के निर्माण में मानक के अनुरूप मजबूत सरिया का इस्तेमाल नहीं किया गया था। गुणवत्ता को लेकर पहले भी शिकायत की गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घायल मजदूर लड्डन अली ने बताया कि वह करीब एक महीने पहले अपने भाई सेराज व अन्य साथियों के साथ एक ठेकेदार के माध्यम से यहां मजदूरी करने आया था। हादसे में उसके पैर और आंख में गंभीर चोटें आई हैं। आरोप है कि घटना के बाद ठेकेदार मौके से फरार हो गया और घायलों के उपचार की उचित व्यवस्था नहीं की गई।
हादसे के बाद कार्यस्थल पर मौजूद अन्य मजदूर भी वहां से चले गए। घटना की सूचना पर मृतक के घर में कोहराम मच गया। वहीं, स्थानीय लोगों में जल जीवन मिशन के तहत हो रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता को लेकर भारी आक्रोश है।
ग्रामीणों ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषी ठेकेदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में थानाध्यक्ष महुली दुर्गेश कुमार पांडेय ने बताया कि दुर्घटना के संबंध में अभी तक कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।