मास्क-सैनिटाइजर के साथ पहुंचे परीक्षार्थी
सिद्धार्थ विवि समेत 207 महाविद्यालयों में वार्षिक परीक्षाएं शुरू
दूरभाष के जरिए नोडल अधिकारियों से ली गई जानकारी
संवाद न्यूज एजेंसी
कपिलवस्तु। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय समेत संबद्ध महाविद्यालयों के 207 केंद्रों पर बुधवार को वार्षिक परीक्षाएं शुरू हो गई। कोविड-19 प्रोटोकाल का पालन करते हुए परीक्षा को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराया गया। कुलपति और परीक्षा नियंत्रक की नोडल अधिकारियों से परीक्षा के दौरान पल-पल की गतिविधियों पर नजर थी।
सिद्धार्थ विवि समेत संबद्ध महाविद्यालयों में बनाए गए 207 परीक्षा केंद्रों पर बुधवार को परीक्षा शुरू हुई। शुचितापूर्ण एवं नकल विहीन परीक्षा करने को लेकर कुलपति प्रो. हरि बहादुर श्रीवास्तव ने दूरभाष के माध्यम से सभी नोडल केंद्रों से परीक्षा के संबंध में जानकारी लेते हुए दिशा-निर्देश देते रहे। कुलसचिव राकेश कुमार, सहायक कुलसचिव डीएन यादव, शेख अंजुम तथा मूल्यांकन प्रभारी डॉ. पुर्णेश नारायण सिंह ने नकल विहीन परीक्षा कराने को लेकर लगातार नोडल केंद्रों और परीक्षा केंद्रों पर नजर रखते हुए समस्याओं का समाधान कराया।
परीक्षा का समय और प्रश्न पत्रों की संख्या हुई आधी
कुलसचिव राकेश कुमार ने बताया कि शैक्षिक सत्र 2020-2021 की परिस्थितियों के दृष्टिगत परीक्षा का समय और प्रश्न पत्रों की संख्या आधी कर दी गई है। जिसके अंतर्गत अनिवार्य प्रश्न एक में अब एक सौ शब्दों में तथा शेष दोनों खंडों से एक-एक प्रश्न परीक्षार्थियों को हल करने को हैं। विश्वविद्यालय परिसर में परीक्षा के संदर्भ में सह केंद्राध्यक्ष डॉ. जयसिंह यादव ने बताया कि पहली पाली में एमए के व्यक्तिगत विद्यार्थियों की परीक्षाएं हुईं। दूसरी पाली में बीकाम भाग दो, तीन और एमकाम व्यक्तिगत की परीक्षा हुई। कोविड-19 प्रोटोकॉल अंतर्गत सामाजिक दूरी मास्क की अनिवार्यता और मुख्य द्वार एवं कक्षों में सैनिटाइजर की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है।