तुलसियापुर। खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही धान की नर्सरी डालने का समय चल रहा है लेकिन क्षेत्र की नहरों में अब तक पानी नहीं पहुंचा है। इससे किसानों की चिंता बढ़ गई है और उनकी नर्सरी सूखने लगी है। विभाग के अनुसार अभी नहर के उद्गम नदी राप्ती में ही पानी की कमी की वजह से पानी नहीं आ पा रहा है।
मौजूदा समय में किसान या तो धान की नर्सरी डाल चुके हैं या तो डाल रहे हैं लेकिन तपती धूप व भीषण गर्मी की वजह से नर्सरी को बचाने के लिए उन्हें रोजाना सिंचाई करना पड़ रहा है। ऐसे में आर्थिक रूप से कमजोर किसानों के लिए पानी खरीदकर सिंचाई करना मुश्किल हो रहा है। जिन किसानों के पास निजी सिंचाई के साधन हैं, वे अतिरिक्त लागत लगाकर नर्सरी डाल रहे हैं, जबकि अन्य किसान सिंचाई के अभाव में पिछड़ रहे हैं। जिन गांवों के सिवानों में सरयू नहर की शाखाएं गई हैं, वहां भी नहरों में पानी नहीं छोड़ा जा रहा है। किसान महंगे दामों पर डीजल खरीदकर धान की नर्सरी की सिंचाई कर रहे हैं।
औदही कलां निवासी किसान चंद्रभान गुप्ता ने बताया कि यदि समय-समय पर पर नर्सरी की सिंचाई नहीं की गई तो उसका विकास नहीं होगा और धान की रोपाई में भी देरी होगी, जिसका सीधा असर उत्पादन पर पड़ेगा। उन्हें इस समय निजी पंपसेट का सहारा लेना पड़ रहा है। डढ़उल निवासी किसान मिथिलेश यादव ने कहा कि जिन किसानों के पास सिंचाई के साधन नहीं हैं, उन्हें नर्सरी की सिंचाई कर उसे बचाने में दिक्कत हो रही है और नहर में पानी आने का इंतजार कर रहे हैं। किसानों ने विभागीय अधिकारियों से जल्द नहर में पानी छोड़ने की मांग की है।
इस संबंध में सरयू नहर खंड के एसडीओ दयासागर ने बताया कि रोस्टर में तो नहर में पानी छोड़ने के लिए आदेश आ गया है लेकिन नदी में कम पानी होने के लिए पानी आ नहीं पा रहा है। पानी छोड़ा गया है।