सिद्धार्थनगर। फार्मर रजिस्ट्री बनवाने के लिए 30 अप्रैल तक अभियान चलेगा। इसके तहत बुधवार को विशेष कैंप का अंतिम दिन होगा। भविष्य में जिन किसानों के पास आईडी नहीं होगी। उन्हें विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ भी नहीं मिलेगा। मंगलवार को उप निदेशक कृषि राजेश कुमार ने बांसी व मिठवल ब्लॉक के गांव में पहुंचकर शिविर का निरीक्षण किया।
शासन की ओर से किसानों के डिजिटल डाटाबेस तैयार कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा रही है, जिसके लिए कृषि विभाग की ओर से किसानों को जागरूक करने के साथ ही गांव-गांव शिविर लगाए जा रहे हैं, ताकि सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बनाई जा सके। कृषि विभाग के अनुसार जिले के सभी किसानों की फार्मर रजिस्ट्री बननी है। सरकार की मंशा है कि जल्द ही फार्मर रजिस्ट्री को गेहूं की खरीद, उर्वरक एवं खाद की बिक्री, केसीसी लोन तथा पीएम किसान सम्मान निधि के लाभ से भी जोड़ने की है। ऐसे में जिन किसानों के पास आईडी नहीं होगी, वह इन्हीं सुविधाओं से वंचित रह सकते हैं। संवाद