संवाद न्यूज एजेंसी
सिद्धार्थनगर। समेकित शिक्षा के तहत स्कूलों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों के दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे। इसके लिए 14 ब्लऍक संसाधन केंद्र पर 16 जुलाई से 26 अगस्त के बीच शिविर लगाया जाएगा। बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश कुमार ने बताया कि शासन की ओर से कक्षा एक से 12 तक में पढ़ने वाले दिव्यांग छात्रों के प्रमाणपत्र बनाए जाने हैं।
चिकित्सकों की टीम द्वारा आंकलन करने के बाद मेडिकल एसेसमेंट कैंप में दिव्यांगता प्रमाणपत्र बनाए जाएंगे। सीएमओ डाॅ. रजत कुमार चौरसिया की ओर से कैंप में चिकित्सकों की ड्यूटी तय कर दी गई है। जिला समन्वयक (समेकित शिक्षा) करुणापति त्रिपाठी ने बताया कि 16 जुलाई को बीआरसी लोटन में कैंप लगाया जाएगा। इसके बाद बीआरसी खेसरहा में 18 जुलाई, उसका में 22 जुलाई , खुनियांव में 24 जुलाई, जोगिया में 26 जुलाई, बढ़नी में 29 जुलाई, नौगढ़ में 31 जुलाई, भनवापुर में पांच अगस्त, बांसी में सात अगस्त, मिठवल में 12 अगस्त, डुमरियागंज में 19 अगस्त, बर्डपुर में 21 अगस्त, इटवा में 23 अगस्त और शोहरतगढ़ में 26 अगस्त को शिविर लगाया जाएगा।
इन चिकित्सकों की लगाई गई ड्यूटी
सीएमओ द्वारा जारी पत्र के अनुसार दिव्यांगता परीक्षण के लिए आर्थो सर्जन डाॅ. विमल द्विवेदी ,नेत्र सर्जन डाॅ. आरके शर्मा, डाॅ. समीम अहमद व डाॅ. ऋषि त्रिपाठी और ईएनटी विशेषज्ञ डॉ. संजय कुमार शर्मा की ड्यूटी लगाई गई है।