कई बार अफसरों से गुहार की। फरियाद-दर-फरियाद सिलसिला मिन्नतों तक जा पहुंचा। खोद के छोड़ी गई सड़क फिर भी चलने लायक न हुई। मामला बर्डपुर नंबर 11 के टोला बरगदवा का है। यहां के लोग मिन्नत कर हारे तो अब मेहनत के सहारे तस्वीर बदलने की ठान बैठे। जनप्रतिनिधियों और अफसरों को आइना दिखाते हुए गांववाले खुद फावड़ा लेकर सड़क दुरुस्त करने में जुट गए हैं।
विकास खंड बर्डपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत बर्डपुर नंबर 11 के टोला बरगदही को जोड़ने वाले मुख्य संपर्क मार्ग को पेयजल पाइप बिछाते समय खोद दिया गया है। इसके बाद से सड़क चलने लायक नहीं रह गई है। आवागमन में हो रही दिक्कतों व व आए दिन के हादसों से निजात के लिए ग्रामीणों ने कई बार विभागीय अफसरों से सड़क मरम्मत की मांग की। ग्राम पंचायत से लेकर ब्लॉक और जिले तक की दौड़ लगाई, बावजूद किसी के कानों पर जूं नहीं रेंगी। अफसरों की मिन्नतें करते थक चुके ग्रामीणों ने खुद सड़क मरम्मत और निर्माण का बीड़ा उठाया है। बुधवार को गांव के लोग फावड़ा-कुदाल लेकर सड़क निर्माण के लिए निकल पड़े। ग्रामीणों की सामूहिक मेहनत का असर भी दिखने लगा है।
---
यह सड़क दो साल से खराब है। अधिकारी-कर्मचारी ध्यान नहीं दे रहे हैं। साइकिल और पैदल चलने लायक भी नहीं रहा तो पूरे गांव ने आपस में मिलकर सड़क की मरम्मत का कार्य शुरू किया है।
-संतराम चौधरी, बरगदही।
---
बारिश के बाद स्थिति और बदतर हो गई है। सड़क निर्माण के लिए कई बार प्रधान से भी शिकायत की गई, लेकिन सिर्फ आश्वासन ही मिल रहा है। ऐसे में विवश होकर खुद हाथ बढ़ाना पड़ा है।
-घुरहू चौधरी बरगदही।
---
सड़क के बीच में बड़े-बड़े गड्ढे से चलने लायक स्थिति नहीं है। जिम्मेदारों से कहते गांव वासी थक चुके हैं। जर्जर सड़क के कारण हो रहे हादसों पर अंकुश के लिए गांव के लोगों ने खुद पहल की है।
-सुखराम चौधरी।
---
पूरे गांव के लोगों ने भरपूर मदद की। अब सड़क पर चलते समय तकलीफ नहीं होगी। अभी कच्चा काम हुआ है, अब विभाग इसे पक्का नहीं कराता तो अबकी आंदोलन किया जाएगा।
-अब्दुल मन्नान।
---
वर्जन
बरगदही के लोगों की कोशिश सराहनीय है। करीब 500 मीटर लंबी सड़क को पाइप बिछाते समय जलनिगम ने तोड़ दिया था, जिससे यह दिक्कत आई थी। उच्चाधिकारियों वार्ता कर जल्द ही मार्ग को दुरुस्त कराया जाएगा। -सुदामा प्रसाद, प्रभारी बीडीओ व जिला विकास अधिकारी।
---