सिद्धार्थनगर। भवानीगंज थाना क्षेत्र के भानपुर मस्जिदिया में पुरानी रंजिश में बुजुर्ग की हत्या के मामले में प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है।सोमवार को राजस्व व पुलिस टीम ने मुख्य आरोपितों के घर पहुंचकर मकान की पैमाइश की। अवैध निर्माण पाए जाने पर बुलडोजर चलाने की तैयारी है।
शुक्रवार को भानपुर मस्जिदिया निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग रामशरण की पीटकर हत्या मामले में गांव के ही आठ लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद शव का दाह संस्कार किया गया। परिजन ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा भी किया था।
सोमवार दोपहर में रवि यादव तहसीलदार, राजस्व लेखपाल विपिन तिवारी, विरेंद्र और भवानीगंज पुलिस की टीम आरोपियों के घर पहुंची।टीम ने मकान और आसपास की जमीन की पैमाइश शुरू की। ग्राम समाज की जमीन पर अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलेगा। ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुटी रही। संवाद