शहर के सेमरा गांव में अतिक्रमण हटाती जेसीबी।
- फोटो : SIDDHARTHNAGAR
कब्रिस्तान, खलिहान पर हुए कब्जे पर चला बुलडोजर
सिद्धार्थनगर। सदर तहसील क्षेत्र के सेमरा हुसैन बक्स गांव में कब्रिस्तान और खलिहान पर हुए कब्जे पर प्रशासन ने बुलडोजर चलवाया। जमीन को कब्जे से खाली करा लिया गया। दोबारा कब्जा करने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई।
क्षेत्र के सेमरा हुसैन बक्स गांव में कब्रिस्तान और खलिहान में कब्जा करके निर्माण कर लेने की आरोप लगाया गया था। इस मामले में न्यायालय में वाद दाखिल किया गया था। न्यायालय के आदेश पर तहसीलदार सदर आरआर रमन की अगुवाई में राजस्व और पुलिस की संयुक्त टीम गांव पहुंची। यहां पर पहले से चिह्नित किए गए कब्जे को हटाने की कार्रवाई करते हुए बुलडोजर चलवा दिया गया।
देखते ही देखते बुलडोजर से कच्चे निर्माण आदि को जमींदोज कर दिया गया। इसमें लगभग एक बीघा चार मंडी से अधिक जमीन को खाली करवा गया, जिसमें कुछ भूमि कब्रिस्तान की थी। बड़ा रकबा खलिहान का था, जिस पर निर्माण कर लिया गया था। अवैध कब्जे पर बुलडोजर चलते ही कब्जेदारों में खलबली मच गई। तहसीलदार ने कहा कि अगर दोबारा कब्जा करने की कोशिश की गई तो कड़ी कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जेल चौकी प्रभारी शशांक कुमार सिंह, लेखपाल अब्दुल गफ्फार, राहुल मणि त्रिपाठी, कृष्णभूषण द्विवेदी, प्रदीप कुमार, पंकज कुमार मिश्र, सुधीर कुमार बख्शी आदि मौजूद रहे।