परसा रेलवे क्रॉसिंग के पास खडी इंटरसिटी एक्सप्रेस। संवाद
महथा और परसा के बीच हुआ हादसा, ट्रेन के नीचे फंसी भैंस को निकालने में लगा समय
परसा रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लगी लंबी कतार, राहगीरों को हुई परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
तुलसियापुर(सिद्धार्थनगर)। गोरखपुर से गोमतीनगर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस (15081) बृहस्पतिवार को महथा और परसा के बीच भैंस के ट्रेन की चपेट में आने से रुक गई। हादसे में भैंस की मौत हो गई। उसका शव ट्रेन के नीचे फंस जाने के कारण इंटरसिटी दोपहर 2:55 बजे से 3:42 बजे तक करीब 47 मिनट मौके पर खड़ी रही। इस दौरान परसा रेलवे क्रॉसिंग बंद रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
जानकारी के अनुसार, परसा स्टेशन गांव निवासी केसे निषाद की भैंस रेलवे ट्रैक पर पहुंच गई थी। इसी दौरान ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। भैंस का शव ट्रेन के नीचे फंसने के कारण रेलकर्मियों को उसे निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। शव हटाए जाने के बाद ट्रेन को रवाना किया गया।
ट्रेन के खड़े रहने से रेलवे क्रॉसिंग के दोनों ओर वाहनों की आवाजाही बाधित रही। इससे राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। ट्रेन के रवाना होने के बाद क्रॉसिंग पर आवागमन सामान्य हो सका।