छह माह की बच्ची को मृत समझकर मां ने उठाया आत्मघाती कदम, रोने की आवाज सुनकर पहुंचे पड़ोसी तो खुला घटना का राज
शोहरतगढ़। कस्बे के वार्ड नंबर-11 स्थित रघुनाथ नगर मोहल्ले में बुधवार शाम एक महिला ने अपने दो बच्चों का गला दबाने के बाद खुद फंदा लगाकर जान दे दी। घटना में दो वर्षीय बेटे की मौत हो गई, जबकि छह माह की बेटी की जान बच गई।
बच्ची को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) ले जाया गया। फिलहाल वह अपने चाचा-चाची के पास है। पुलिस ने मां और बेटे के शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। घटना के पीछे पति-पत्नी के बीच मनमुटाव की बात सामने आ रही है। हालांकि, आत्मघाती कदम उठाने की असल वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
मध्यप्रदेश के दतिया जिले के पंडोखर थाना क्षेत्र के तालगांव निवासी रामनरेश कुशवाहा अपनी पत्नी काजल (25) और दो बच्चों के साथ पिछले पांच वर्षों से शोहरतगढ़ के रघुनाथ नगर मोहल्ले में किराये के मकान में रह रहा था। दंपती फुल्की बेचकर परिवार का भरण-पोषण करता था।
बताया जा रहा है कि बुधवार शाम करीब पांच बजे काजल ने पहले अपने दो वर्षीय बेटे टाइगर का गला दबा दिया। इसके बाद गोद में मौजूद छह माह की बेटी का भी गला दबाया, जिससे वह बेहोश हो गई। दोनों बच्चों को मृत समझकर काजल ने कमरे का दरवाजा अंदर से बंद कर लिया और छत के कुंडे में दुपट्टे के सहारे फंदा लगाकर झूल गई।
कुछ देर बाद बच्ची को होश आया तो वह रोने लगी। उसकी आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कमरा अंदर से बंद होने पर लोगों ने खिड़की के रास्ते अंदर झांककर देखा तो काजल नीचे पड़ी थी और बेटा बिस्तर पर अचेत अवस्था में था। लोगों ने इसकी सूचना रामनरेश को दी। वह मौके पर पहुंचा और दरवाजा तोड़कर अंदर गया तो पत्नी फंदे से लटकी मिली, जबकि बेटा मृत अवस्था में बिस्तर पर पड़ा था। बच्ची रो रही थी।
सूचना पर थाना प्रभारी शेषमणि पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक टीम ने भी घटनास्थल की जांच की। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए। पति रामनरेश की तहरीर पर आत्महत्या का मुकदमा दर्ज कर पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।
वहीं मृतका काजल के पति राम नरेश कुशवाहा का कहना है कि कस्बे में फुल्की का ठेला लगाया था। आसपास के लोगों ने घटना की जानकारी दी। मौके पर पहुचा तो देखा कि पत्नी फंदे लटक रही है। नीचे बेटे का शव पड़ा है। बच्ची गंभीर हालत में रो रही है। पत्नी का कुछ दिमागी हालत ठीक नहीं था। वह कहती थी कि मैं अपनी जान दे दूंगी। उम्मीद नहीं थी की वह ऐसा कर लेगी।
एक साल पहले भी की थी आत्महत्या की कोशिश
मोहल्ले के लोगों के अनुसार काजल का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था। वह कई बार गुस्से में बच्चों के साथ मारपीट करती थी। इसको लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर कहासुनी भी होती थी। हालांकि, बाद में मामला शांत हो जाता था। लोगों ने बताया कि काजल ने करीब एक साल पहले भी आत्महत्या करने की कोशिश की थी। काजल की शादी करीब तीन वर्ष पहले रामनरेश से हुई थी। उसका मायका मध्यप्रदेश के भिंड जिले के मेहरा गांव में है। पुलिस के अनुसार मायके पक्ष से महिला के भाई से बातचीत की गई। उसने आने में असमर्थता जताते हुए पोस्टमार्टम के बाद शव पति को सौंपने की बात कही। मायके पक्ष ने फिलहाल किसी पर आरोप नहीं लगाया है।
कोट
पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। पति रामनरेश, उसके भाई देवेंद्र और भाभी मंजिस ने बताया कि काजल का मानसिक स्वास्थ्य ठीक नहीं रहता था। उसने बेटे की हत्या करने के बाद खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।
मयंक द्विवेदी, सीओ शोहरतगढ़