सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर मोहल्ले में एक युवक की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। कमरे में छत के कुंडे से फंदे के सहारे लटकता हुआ शव मिला। कमरा अंदर से बंद होने के कारण दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। कमरे से मिले सुसाइड नोट में लिखा मिला। जिसमें उसने लिखा था, मेरी मौत से किसी का कोई लेनादेना नहीं है।
इंदिरा नगर मोहल्ला निवासी ऋतेश दीप यादव (22) पुत्र प्रदीप कुमार यादव का घर के अंदर बंद कमरे में मंगलवार की सुबह साड़ी के फंदे से लटकता शव मिला। दरवाजा तोड़ कर अंदर घुसी पुलिस को एक सुसाइड नोट मिला, जिसमें कई बार नौकरी के लिए परीक्षा देने के बाद भी सफलता न मिलने से निराश होने की बात लिखी थी। मृतक बीटीसी प्रथम वर्ष का छात्र भी था। कम उम्र में ही जबकि वह छात्र भी था, नौकरी न मिलने से मौत को गले लगाना लोगों को अटपटा लग रहा है। आसपास के लोग इस बात को लेकर हैरत में हैं कि अभी नौकरी की काफी उम्र होने के बाद भी वह इतनी जल्दी क्यों निराश हो गया। मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिवार वालों का रो-रोकर हाल बेहाल हो रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सदर थानाध्यक्ष सतीश कुमार सिंह ने कहा कि मृतक के कमरे से सुसाइड नोट मिला है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।