सिद्धार्थनगर। कपिलवस्तु नगर पंचायत की पहली बोर्ड बैठक मंगलवार को अध्यक्ष आरती देवी की अध्यक्षता में हुई। इसमें 18 करोड़ रुपये का आय व्यय बजट पास किया गया। इसी के साथ नगर में विकास कार्यों के लिए करोड़ों रुपये के प्रस्ताव रखे गए। जिन्हें सर्वसम्मत्ति से पास कर दिया गया है।
बोर्ड बैठक में प्रमुख कार्यों में पानी सप्लाई के लिए नए ओवरहेड टैंक के निर्माण, प्रत्येक वार्ड में नाली निर्माण और स्ट्रीट लाइट के काम को प्राथमिकता पर करने का निर्णय हुआ। नगर पंचायत की पहली बोर्ड मीटिंग में सांसद जगदंबिका पाल ने कहा कि सभी चुनाव जीते सदस्यों व अध्यक्ष किसी भी राजनीतिक दल का हो, लेकिन बोर्ड बैठक के बाद सब एक परिवार के सदस्य हैं। सबको मिलकर विकास का कार्य करना चाहिए। नगर को स्वच्छ व स्वास्थ्य बनाने के लिए तेजी से कार्य करें। बारिश शुरू होने से पूर्व नालियों की सफाई व मरम्मत कार्य पूर्ण कर लिया जाए। जिससे पानी एकत्र न होने पाए। नगर पंचायत अध्यक्ष आरती देवी अपने 16 सभासदों के साथ कार्यालय पर पहुंची। अधिशासी अधिकारी संदीप कुमार ने बोर्ड का स्वागत किया। नगर पंचायत के सभासदों का औपचारिक परिचय हुआ। बैठक में आय और व्यय का 18 करोड़ का बजट पास किया गया। अध्यक्ष प्रतिनिधि जावेद आलम उर्फ चुन्ने ने बताया कि सभी का पूरा सम्मान किया जाएगा। सदस्यों से तीन-तीन प्रमुख कार्यों की सूची उपलब्ध कराने के लिए कहा गया हैं। जिसको जल्द से जल्द पूर्ण कर लिया जाएगा। कुछ बड़े कार्यों के प्रस्ताव शासन को भेजे जाएंगे। वहां से अनुमति मिलने के बाद कार्यों को शुरू कराया जाएगा। इस दौरान राजकुमार चौधरी, सतीश चंद्र, सुशील देवी, तारामती, धर्मेंद्र कनौजिया, संदीप, दिलीप आदि मौजूद रहे।