- मुसहरवा चौराहे पर जीजा समेत तीन लोगों पर मारपीट का आरोप
- गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज रेफर
शोहरतगढ़। चिल्हिया थाना क्षेत्र के मुसहरवा चौराहे पर पारिवारिक विवाद के बीच समझौता कराने पहुंचे युवक पर कथित तौर पर उसके जीजा और अन्य परिजनों ने हमला कर दिया। मारपीट के दौरान डंडे से सिर पर वार किए जाने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार बेलगड़ा गांव निवासी 30 वर्षीय राजन पुत्र रामदास की बहन शिवांगी की शादी करीब 11 वर्ष पूर्व पल्टादेवी चौकी क्षेत्र के भगवानपुर निवासी अर्जुन से हुई थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से पति-पत्नी के बीच विवाद चलता रहा और कई बार दोनों पक्षों के बीच समझौता भी कराया गया। बताया गया कि बुधवार को पति-पत्नी के बीच फिर विवाद हुआ, जिसके बाद शिवांगी मायके पहुंच गई। इसी मामले में बृहस्पतिवार शाम राजन अपनी मां उषा के साथ समझौते के उद्देश्य से मुसहरवा स्थित एक मेडिकल स्टोर पर पहुंचा था। आरोप है कि बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया और अर्जुन, उसके भाई सूरज तथा पिता धरमू ने राजन और उसकी मां के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान राजन के सिर पर डंडे से वार किया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पल्टादेवी चौकी पुलिस ने घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शोहरतगढ़ पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे जिला मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
पल्टादेवी चौकी प्रभारी राजेश कुमार तिवारी ने बताया कि घायल का उपचार कराया जा रहा है। तहरीर मिलने के बाद आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।