सिद्धार्थनगर। पंचायती राज सफाई कर्मचारी संघ ने पंचायतीराज विभाग में तैनात लिपिक को हटाने सहित अन्य मांगों को लेकर शनिवार को कलेक्ट्रेट में धरना देकर डीपीआरओ को ज्ञापन भी सौंपा। समस्याओं का समाधान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी। जिलाध्यक्ष रणजीत कुमार ने कहा कि विभागीय लापरवाही के कारण सफाई कर्मचारियों को वेतन नहीं मिल पा रहा है, जिससे परिवार के भरण-पोषण में कठिनाई हो रही है। कहा कि विभाग में एक लिपिक लंबे समय से जमा हुआ है, जो कर्मचारियों का शोषण करता है।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी संगठन के कुछ पदाधिकारी कार्यालय के बाबुओं से मिलकर कर्मचारियों को गुमराह कर रहे हैं। कहा कि अधिकांश कर्मचारियों का स्थाईकरण अभी तक नहीं किया गया है, उनका स्थाईकरण जल्द किया जाए। प्रदेश प्रभारी अरुण कुमार यादव ने कहा कि डीपीआरओ कार्यालय से संबद्ध सफाई कर्मचारियों को तत्काल हटवाया जाए। इस दौरान विजय पाठक, रवींद्र कुमार, जितेंद्र कुमार, जयशंकर त्रिपाठी, सत्येंद्र कुमार, अजीत कुमार, शैलेश कुमार, आलोक सिंह, आनंद और शिवकुमार आदि मौजूद थे।