सिद्धार्थनगर। सदर थाना क्षेत्र में सैलून में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ का मामला सामने आया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित होने के बाद पुलिस ने संज्ञान लेते हुए एक पक्ष के दो लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस ने पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करती है।
जानकारी के अनुसार, सरोजनीनगर मोहल्ला निवासी कृष्णा गुप्ता ने बताया कि वह सोहांस टैक्सी स्टैंड के पास लोहे की गुमटी में सैलून चलाते हैं। आरोप है कि 27 मार्च की दोपहर करीब साढ़े तीन बजे चार-पांच युवक दुकान पर पहुंचे और बिना कारण अपशब्द कहने लगे। विरोध करने पर सभी ने मिलकर हमला कर दिया, जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। इसके बाद आरोपियों ने दुकान में तोड़फोड़ करते हुए सामान सड़क पर फेंक दिया और करीब 20 हजार रुपये भी उठा ले गए। पीड़ित का कहना है कि घटना से चार दिन पहले भी आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी थी, जिसकी सूचना 112 नंबर पर दी गई थी। उधर, वायरल वीडियो में दूसरे पक्ष के लोग अपने ऊपर पहले चाकू से हमले का आरोप लगा रहे हैं। पुलिस दोनों पक्षों के आरोपों की जांच कर रही है।
इस संबंध शहर कोतवाल मिथिलेश कुमार राय ने बताया कि मामले को संज्ञान में लेते हुए दो को हिरासत में लिया गया है, जांच कर कार्रवाई की जाएगी।