भारत नेपाल सीमा खुनुवां पर मौजूद सुरक्षा एजेंसियां। संवाद
ककरहवा। नेपाल में हो रहे प्रतिनिधि सभा के चुनाव को लेकर बृहस्पतिवार को भी भारत-नेपाल सीमा पूरी तरह से सील रही। कोई भी व्यक्ति सीमा पार न करने पाए, इसको लेकर ककरहवा बॉर्डर सहित सभी सीमाओं पर भारतीय सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह से चौकस रहीं। सीमा के मुख्य रास्तों सहित पगडंडी के रास्तों पर पूरे दिन एसएसबी और पुलिस के जवान संयुक्त रूप से पैदल गश्त करते रहे।
एसएसबी के कमांडेंट उज्ज्वल दत्ता ने भी ककरहवा सीमा पर पहुंच कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। नेपाल में हुए मतदान को लेकर नेपाल सीमा के ककरहवा बॉर्डर सहित पगडंडी के रास्तों पर भी सुरक्षा को लेकर एसएसबी और पुलिस के जवान मुस्तैद रहे। निरीक्षण करने पहुंचे एसएसबी के कमांडेंट उज्ज्वल दत्ता ने जवानों से वार्ता कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों को चौकस करते हुए कहा बॉर्डर पर किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि न होने पाए, इसका ध्यान रखने के निर्देश दिए। इससे पहले एसएसबी कमांडेंट ने पुलिस व एसएसबी के साथ ककरहवा कस्बे में पैदल गश्त भी की।