सशस्त्र सीमा बल द्वितीय वाहिनी की ओर से आयोजित पांच दिवसीय कार्यक्रम का समापन शुक्रवार को सरस्वती शिशु मंदिर खुनुवा में हुआ। कार्यक्रम के पांच दिनों में सीमाई क्षेत्र के गांवों में कन्या भ्रूण हत्या, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, स्वच्छ भारत अभियान, सामाजिक चेतना, मानव तस्करी पर रोक जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी देकर जागरूक किया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के समापन अवसर पर पीपीएस स्कूल व लाल बहादुर शास्त्री लघु माध्यमिक विद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना से कार्यक्रम की शुरुआत की।
मुख्य अतिथि विधायक लालमुन्नी सिंह ने कहा कि सीमाई क्षेत्र में एसएसबी का यह कार्यक्रम अपने आप में काफी सराहनीय रहा। सीमा बल देश की आधी आबादी को बचाने के लिए जो जागरूकता अभियान समय-समय पर चला रही है।
इसका नतीजा कुछ दिनों बाद दिखाई देने लगेगा। विशिष्ट अतिथि पूर्व ब्लॉक प्रमुख उग्रसेन प्रताप सिंह ने एसएसबी के कार्यक्रम की सराहना की।
कार्यक्रम में सहयोगी संस्था चाइल्ड लाइन सिद्धार्थनगर व भारत-नेपाल मैत्री संघ कपिलवस्तु नेपाल की भूमिका सराहनीय रही। अध्यक्षता कर रहे उपसेना नायक रवि खन्ना ने अतिथियों को सम्मानित किया।
संचालन एसआई चमन सिंह ने किया। इस दौरान एसएओ एसएस पाल, सहायक सेना नायक पीके वैद्य, नवीन शर्मा, डॉ सुमित सौरभ, पशु चिकित्साधिकारी डॉ एलके सिंह, इं. त्रिलोकनाथ, विद्याप्रकाश नेगी आदि मौजूद रहे।