सिद्धार्थनगर के मिश्रौलिया में बोलेरो की टक्कर से क्षतिग्रस्त बाइक।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
सिद्धार्थनगर। मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के बांसी-कठेला मार्ग पर शुक्रवार की देर शाम बाइक व बोलेरो में आमने-सामने टक्कर हो गई। इससे बोलेरो पलटकर गड्ढे में चली गई और बाइक भी क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल में भर्ती कराया। जहां तीनों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बांसी कस्बे के राजेंद्र नगर मोहल्ला निवासी अब्दुल्ला पुत्र शाबिर व शाहिद पुत्र रउफ शुक्रवार को अपने किसी रिश्तेदार के यहां गए थे। देर शाम वह घर लौट रहे थे। वह मिश्रौलिया थाना क्षेत्र के रतनपुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि बांसी की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो से आमने-सामने की टक्कर हो गई। इससे बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। बोलेरो सवार कठेला निवासी श्रीपत भी घायल हो गए। दुर्घटना के दौरान बोलेरो पलट कर सड़क किनारे गड्ढे में चली गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।