डुमरियागंज। ग्राम प्रधान व ग्रामीणों की शिकायत पर आपूर्ति निरीक्षक ने धनखरपुर गांव में खुली बैठक करवाकर सरकारी कोटे की दुकान की जांच की। इस दौरान ग्रामीणों ने कोटेदार पर जनवरी से जून तक राशन नहीं बांटने के साथ ही जुलाई में राशन वितरण के दौरान कटौती का आरोप लगाया।
डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत धनखरपुर के ग्राम प्रधान रूखसाना खातून के साथ ही दर्जनों ग्रामीणों ने गांव के कोटेदार पर मनमानी की आरोप लगाते हुए एसडीएम को शिकायती पत्र सौंपा था। एसडीएम विनय कुमार पाठक ने आपूर्ति निरीक्षक सुनीता को कोटे की दुकान की जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया था। प्राथमिक विद्यालय पर खुली बैठक का आयोजन करवाया गया। इसमें गांव की रहमतुन, गुलाम मुस्तफा, मोमिना, जम्हीरा, आमिना, जहांगीर आदि ने बताया कि जनवरी से लेकर जून तक कोटेदार ने राशन वितरित नहीं है।
शिकायत पर जुलाई के राशन में कटौती कर दी गई। निर्धारित मूल्य से अधिक वसूल किया। गांव के साहिना अफरोज, हफीजू, तनवीर आदि ने बताया कि कोटेदार कार्डधारकों से अभद्र व्यवहार भी करता है। इसकी शिकायत लोगों ने पूर्व में भी एसडीएम से की है।
बैठक के दौरान ग्राम प्रधान रूखसाना खातून, पप्पू, सज्जू, अफसर, खुर्शीद, अल्ताफ, नायाब, इसहाक, हफीजुर्रहमान आदि मौजूद रहे। इस संबंध में आपूर्ति निरीक्षक सुनीता ने बताया कि खुली बैठक के दौरान कोटेदार की शिकायत ग्रामीणों ने की है। रिपोर्ट एसडीएम को सौंपी जाएगी, जिसके बाद कार्रवाई की जाएगी।