सिद्धार्थनगर। जिले के अलग-अलग प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। इसमें मौसम से जुड़ी बीमारी के मरीज अधिक रहे। मेले में अचानक शरीर तपने और गला जाम होने की शिकायत वाले मरीज इलाज के लिए पहुंचे। डॉक्टरों ने सेहत की जांच करने की साथ ही दवा दी। बताया कि बारिश और उमस के कारण संक्रामक बीमारी का खतरा बढ़ेगा। ऐसे में सतर्क रहने की जरूरत है। अगर बुखार आ रहा है तो तत्काल डॉक्टर को दिखाएं। इसमें अनदेखी समस्या पैदा कर सकती है। मेले में आने वाले गंभीर रोगियों को हायर सेंटर में इलाज कराने की सलाह दी गई।
शाहपुर प्रतिनिधि के अनुसार, डुमरियागंज नगर में स्थित पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य स्वास्थ्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें डिहाईड्रेशन, बुखार, सुगर, एसिडिटी, जोड़ों में दर्द, त्वचा रोग आदि के कुल 15 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाओं का वितरण किया गया। पीएचसी डुमरियागंज में डाॅक्टर रामकिशोर प्रजापति ने 15 मरीजों का इलाज कर निशुल्क दवाएं दीं। इस दौरान फार्मासिस्ट पवन श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
पकड़ी बाजार प्रतिनिधि के अनुसार, जोगिया ब्लॉक के न्यू प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पकड़ी लालपुर में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। डाॅ. पुनीत कुमार श्रीवास्तव ने मरीजों की जांच कर उन्हें आवश्यक दवा दी। कुल 21 मरीज इलाज के लिए पहुंचे, जिसमे शुगर, बीपी, पेट दर्द, सांस फूलने की समस्या के साथ खांसी-बुखार के मरीज भी शामिल थी। उनकी जांच कर दवा दी गई और चिकित्सकों ने सावधानी बरतने की सलाह भी दी।
धेंसा प्रतिनिधि के अनुसार, जोगिया ब्लॉक अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कटहना में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले में त्वचा, बुखार, बीपी और पेट संबंधी समस्या वाले मरीज इलाज के लिए पहुंचे। डॉ. राकेश कुमार ने बरसात में सावधानी बरतने की सलाह दी। आरोग्य मेले में राहुल चौधरी, ध्रुवनारायण मिश्र,जावेद, अंजली सहित सभी मरीजों को आवश्यक दवा और परामर्श दिया गया। 23 मरीज इलाज के लिए पहुंचे।