संवाद न्यूज एजेंसी
भवानीगंज। थाना क्षेत्र के भालूकोनी गांव स्थित कुआनो नदी में शनिवार शाम नहाने के दौरान डूबे 15 वर्षीय किशोर का शव रविवार को साढ़े 17 घंटे के बाद एसडीआरएफ टीम ने ढूंढ़ निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार बस्ती जनपद के सोनहा थाना क्षेत्र के भोलापुर निवासी सरवरे आलम का 15 वर्षीय पुत्र आमिर, बड़े भाई खुशहाल (18) और साथी अनमोल (15) पुत्र जमील के साथ शनिवार शाम करीब चार बजे भालूकोनी गांव के पास कुआनो नदी में नहाने गया था।
नहाते समय तीनों अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। उनकी चीख-पुकार सुनकर पास मौजूद भालूकोनी गांव निवासी शिवदास नदी में कूद पड़े। कड़ी मशक्कत कर खुशहाल और अनमोल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया लेकिन आमिर तेज बहाव और गहराई में लापता हो गया। उसकी तलाश शुरू की गई लेकिन देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका।
सूचना पर भवानीगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से देर शाम तक खोजबीन कराई लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद एसडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। रविवार सुबह टीम ने सघन तलाश अभियान चलाया और करीब 9:30 बजे आमिर का शव नदी से बरामद कर लिया।
थानाध्यक्ष विजय शंकर सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।