मिश्रौलिया। स्थानीय थापा क्षेत्र के सोनौला गांव के पास स्थित नाला के फाटक के पास सोमवार राम सुमेर (70) की लाश मिली। पहचान होने के बाद पता चला कि वह 27 मार्च की दोपहर में घर से निकले थे। इस मामले में पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज की थी। परिवार के लोगों ने लाश की पहचान की। इसके बाद पंचनामा करके पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के बैजनथा गांव के टोला बैलिहवा निवासी मृतक की पत्नी जुग्गा ने 30 मार्च को स्थानीय थाने पर पहुंचकर पति राम सुमेर के 27 मार्च की दोपहर से लापता होने की सूचना दी।
बताया कि घर से निकल कर कहीं चले गए। देर शाम तक घर वापस न होने की दशा में गांव में और आस-पास काफी खोजबीन की गई। नात-रिश्तेदारों के यहां पता लगाया, लेकिन कहीं कोई पता नहीं चल सका। पुलिस इस मामले में केस दर्ज करके जांच कर रही थी।
इसी बीच सोमवार देर शाम में क्षेत्र के ही सोनौली नाला फाटक के पास कुछ स्थानीय ग्रामीणों ने एक अज्ञात वृद्ध का शव देखा। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी।
पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव की शिनाख्त के लिए सोमवार सुबह में गुमशुदगी दर्ज कराने वाली जुग्गा को बुलाकर मृतक की पहचान करवाई। महिला ने उसकी शिनाख्त राम सुमेर पुत्र खेलावन के रूप में की। पुलिस ने पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी थानाध्यक्ष जगत नारायण यादव ने बताया कि लापता बुजुर्ग का शव सोमवार देर शाम लगभग 9:00 सोनौली नाला फाटक के पास मृत हालत में शव बरामद की गई।
लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।