शोहरतगढ़। स्थानीय थाना क्षेत्र के बानगंगा बैराज के पास चोरी की योजना बना रहे चार संदिग्धों को एसओजी व शोहरतगढ़ की पुलिस टीम ने सोमवार की शाम करीब 9 बजे गिरफ्तार किया। पुलिस ने इनके कब्जे से एक देसी तमंचा, एक कारतूस और दो बाइक बरामद की है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
सीओ मयंक द्विवेदी ने बताया कि सोमवार देर शाम को सिद्धार्थनगर एसओजी टीम और शोहरतगढ़ थाने की पुलिस को सूचना मिली कि बानगंगा बैराज पर चार लोग लूट को अंजाम देने के लिए बातचीत कर रहे हैं। मौके पर एसओजी व पुलिस टीम पहुचीं तो पुलिस को देखकर वे सभी भागने लगे। पुलिस टीम भागता देखकर घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया। इनकी तलाशी में एक देसी तमंचा, एक कारतूस और दो चोरी की बाइक बरामद की गई है।
पूछताछ में इन लोगों ने अपना नाम रियाज अहमद उर्फ अकील अहमद निवासी खुनुवां बाजार, कौशल मिश्र निवासी खड़कुईया थाना शोहरतगढ़, शिवकुमार चौहान उर्फ मनगाठू निवासी ठकुरा खुर्द थाना कपिलवस्तु और अखिलेश गड़ेरिया निवासी चौदहा थाना पकड़ी जिला कपिलवस्तु राष्ट्र नेपाल बताया। पुलिस ने कड़ाई से पूछताछ की तो इन्होंने कबूल किया कि बानगंगा बैराज के पास बैठक कर कई दिनों से यह लूट की योजना बना रहे थे।