उसका (सिद्धार्थनगर)। थाना क्षेत्र के हथिवड़ताल के पास बूढ़ी राप्ती नदी में मिले युवक के शव की पहचान बुधवार को हो गई। उत्तराखंड के नैनीताल जिले के रामनगर थाना क्षेत्र के शिवनगर (चोरपानी) वार्ड नंबर-20 निवासी कैलाश चंद्र (30) पुत्र जोगेंद्र प्रसाद के रूप में शिनाख्त की गई।
पुलिस के अनुसार कैलाश, चंद्र उसका थाना क्षेत्र के मधवापुर स्थित समय माता स्थान के पास एक रबर फैक्टरी में टेक्नीशियन के पद पर करीब चार महीने से काम कर रहा था। वह फैक्टरी के पास ही रहकर नौकरी कर रहा था। हालांकि वह चार किलोमीटर दूर बूढ़ी राप्ती नदी तक कैसे और किन परिस्थितियों में पहुंचा, इसकी जानकारी उसके साथ काम करने वाले कर्मचारियों को भी नहीं है।
साथियों के मुताबिक सोमवार को जब कैलाश चंद्र फैक्टरी में नहीं पहुंचा तो उन्होंने मोबाइल फोन से संपर्क करने का प्रयास किया लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद साथियों ने अनुमान लगाया कि वह शायद घर चला गया होगा। इसी बीच सोमवार देर शाम ग्राम प्रधान मनोज कुमार साहनी ने बूढ़ी राप्ती नदी में एक व्यक्ति का शव उतराया देखा और इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया। बुधवार को उसकी पहचान होने के बाद पुलिस ने परिजन को इसकी जानकारी दे दी है।
उसका थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।