फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Siddharthnagar News: बानगंगा में डूबे तीनों दोस्तों के शव मिले, एक साथ उठीं अर्थियां

Sat, 25 Jul 2026 02:20 AM IST
गोरखपुर ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सिद्धार्थनगर
विज्ञापन
शोहरतगढ थाना क्षेत्र के वांनगंगा नदी बैदौली घाट पर रोते बिलखते मृतको के परिजन।  
विज्ञापन
24 घंटे बाद स्थानीय गोताखोरों ने जाल से निकाले शव, एसडीआरएफ भी जुटी रही तलाश में
विज्ञापन

विधायक ने गोताखोरों को किया सम्मानित, थाना प्रभारी ने भी दिया नकद पुरस्कार
पकड़ी बाजार। शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र के बैदौली घाट पर बानगंगा नदी में डूबे तीनों युवकों के शव शुक्रवार को करीब 24 घंटे बाद बरामद कर लिए गए। स्थानीय गोताखोरों ने जाल की मदद से तीनों शव नदी से बाहर निकाले। शव मिलते ही घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मिझुनिया गांव निवासी कंचन (85) के अंतिम संस्कार में शामिल होने गए शिवा चौहान (17), रवि वरुण (18) और मोनू वरुण (18) नदी में स्नान के दौरान गहरे पानी में चले गए थे। रवि और शिवा को डूबता देख उन्हें बचाने उतरा मोनू भी तेज बहाव में समा गया। तीनों को बचाने के प्रयास में तालकुंडा टोला केवटली निवासी रामबेलास भी नदी में उतरे लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल आए।
विज्ञापन

घटना की सूचना पर एसडीएम राजेश कुमार, सीओ मयंक द्विवेदी और थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों के साथ एसडीआरएफ ने भी घंटों तलाश की लेकिन पहले दिन सफलता नहीं मिली। शुक्रवार को दूसरे दिन स्थानीय मछुआ समुदाय के गोताखोरों ने जाल डालकर तलाश शुरू की और लगभग 50 मीटर के दायरे में तीनों शव एक साथ बरामद कर लिए।
पुलिस ने शिवा चौहान के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं रवि और मोनू के परिजनों के अनुरोध पर पंचनामा की कार्रवाई के बाद शव उन्हें सौंप दिए गए, जिनका अंतिम संस्कार परिजनों ने किया। घटना के बाद पूरे मिझुनिया गांव में शोक की लहर छा गई। तीनों दोस्तों की अर्थियां एक साथ उठीं तो हर आंख नम हो गई। गांव में दिनभर मातम पसरा रहा और अधिकांश घरों में चूल्हे तक नहीं जले।
विज्ञापन

शुक्रवार को शोहरतगढ़ विधायक विनय वर्मा भी बैदौली घाट पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों से मुलाकात कर हरसंभव सहायता का भरोसा दिया। साथ ही स्थानीय गोताखोरों की टीम के साहसिक प्रयास की सराहना करते हुए उन्हें सात हजार रुपये का नकद पुरस्कार दिया। थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह ने भी गोताखोरों की टीम को पांच हजार रुपये देकर सम्मानित किया।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें