सिद्धार्थनगर। बोर्ड परीक्षा को पारदर्शी व नकलविहीन संपन्न कराने के लिए शासन का रवैया सख्त है। बनाए गए परीक्षा केंद्रों पर सीसी टीवी कैमरे हैं कि नहीं इस बारे में बोर्ड ने डीआईओएस से रिपोर्ट मांगी है। 15 जनवरी तक हर हाल में बोर्ड को रिपोर्ट भेजनी है। बोर्ड के इस फरमान के बाद संबंधित विद्यालयों के जिम्मेदारों की भाग-दौड़ तेज हो गई है।
बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में इस बार कुल 70 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। सरकार परीक्षा को नकलविहीन व निष्पक्ष कराने के लिए हर प्रकार के हथकंडे अपना रही है। नकल रोकने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों में सीसी टीवी कैमरा अनिवार्य रूप से लगाए जाने का निर्देश दिया गया है। केंद्र निर्धारण के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया में सभी विद्यालय के संचालकों ने सीसी टीवी का होना दिखाया था। कैमरा लगे हैं या नहीं इसकी जानकारी के लिए शासन ने डीआईओएस से रिपोर्ट मांगी है। जारी पत्र में कहा गया है कि परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर देखा जाए कि सीसी टीवी कैमरा है या नहीं।
कितने विद्यालयों में अब तक कैमरा लगा और कितने में नहीं। यह भी पूछा गया है कि कितने राजकीय, सहायता प्राप्त व वित्तविहीन विद्यालयों को केंद्र बनाए गया है। यह रिपोर्ट 15 जनवरी तक देनी है। शासन से आए निर्देश के बाद विद्यालयों में जांच शुरू हो गई है। विभागीय से जुड़े लोगों सूत्रों की मानें तो अभी एक दर्जन से अधिक विद्यालय ऐसे हैं जहां सीसी टीवी कैमरा नहीं लग सका है। बोर्ड के इस फरमान के बाद इन विद्यालयों के संचालक लगातार कार्यालय के चक्कर लगा रहे हैं। इस संबंध में डीआईओएस डॉ. राजबहादुर मौर्य ने बताया कि शासन के निर्देश का पालन करवाया जा रहा है। जांच कर समय से रिपोर्ट प्रेषित कर दी जाएगी।