भारतीय किसान यूनियन कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को इटवा तहसील परिसर में क्षेत्रीय किसानों की समस्याओं को लेकर पंचायत लगाई। समस्याओं पर चर्चा करते हुए समाधान की रुपरेखा तैयार की।
पंचायत को संबोधित करते हुए तहसील अध्यक्ष राकेश कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि तहसील प्रशासन व लेखपालों की उदासीनता के कारण क्षेत्र में जमीनी विवाद बढ़ता जा रहा है। शिकायत के बाद भी समय से निस्तारण न होने पर कई बार मारपीट की नौबत भी आ चुकी है। जिम्मेदारों की उदासीन रवैए से किसानों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।
किसानों के कई मामले वर्षों से चल रहे हैं, मगर जिम्मेदार निस्तारण को लेकर गंभीर नहीं है। इटवा ब्लाक अध्यक्ष अब्दुल रहीम ने कहा कि किसानों के धान के बीज डालने का समय चल रहा है, मगर क्षेत्र की नहरें सूखी पड़ी हैं। प्रशासन किसानों की समस्याओं को लेकर के प्रति उदासीन है।
दिए गए मांग पत्र में स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करने, गन्ना किसानों ंका बकाया भुगतान करने, पात्र गृहस्थी सूची में सुधार करने, झकहिया में जमीन मालिक को कब्जा दिलाने, मैनभरिया में खड़ंजा पर बन रहे मकान को रोकने, इटवा-बढया मार्ग की बदहाली से निजात दिलाने सहित 17 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम इटवा को सौंपकर कार्रवाई की मांग की है। इस दौरान हाजी शरीफ हसन, अब्दुल रहीम, मो.मुनीफ खान, सुखदेव सिंह वर्मा, सौरभ, जगमाती, कंचन देई आदि मौजूद रहे।