परसा में भी चरम पर रहा लोगों का उत्साह।
- फोटो : अमर उजाला
सिद्धार्थनगर। गोरक्षपीठ के महंत आदित्यनाथ को भाजपा विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा के साथ ही बुद्ध भूमि के लोग खुशी से झूम उठे हैं। जगह-जगह पटाखे फोड़े, आतिशबाजी से आसमान रोशन हो उठा। कार्यकर्ताओं ने मिठाइयां बांटी और जमकर अबीर-गुलाल उड़ाए। सुबह से ही भाजपा विधायक दल की बैठक पर निगाह लगाए लोगों के जेहन में नेता चुने जाने को लेकर उत्सुकता बनी रही। अफवाहों और अटकलों के साथ शाम होते-होते यह उत्साह चरम पर पहुंच गया था। कभी मनोज सिन्हा तो कभी केशव प्रसाद मौर्य के नाम को लेकर ऊहापोह की स्थिति बनी रही।
देर शाम जैसे ही महंत आदित्यनाथ के विधायक दल का नेता चुने जाने की घोषणा हुई, लोग खुशी से झूम उठे। भाजपाइयों ने ढोल-नगाड़ों पर जश्न मनाया तो हियुवा कार्यकर्ताओं की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। नगर के सिद्धार्थ तिराहे पर पटाखे जलाकर व मिठाई बांटकर खुशी मनाई गई। इस मौके पर संजय सिंह, श्यामसुंदर मित्तल, चंद्रप्रकाश श्रीवास्तव, बबलू श्रीवास्तव, उदय प्रताप सिंह, घनश्याम चौधरी, पंकज जायसवाल, मारकंडेय सिंह, सरदार बलविंदर सिंह, रामू, राजा कसौधन, राजेश सोनी आदि मौजूद रहे। बर्डपुर, ककरहवा, मोहाना, लोटन सहित जिले के अन्य क्षेत्रों में भी जश्न का माहौल रहा। पथरा क्षेत्र के सेहरी बुजुर्ग दुर्गा मंदिर पर हियुवा के कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाई। इस दौरान राजू साहनी, धर्मेंद्र यादव, साधु यादव, बालकेशर, राजकुमार मोदनवाल, जितेंद्र, मोनू, कृष्ण गोपाल, रामानंद, बेचन साहनी आदि मौजूद रहे।