बांसी। शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के बांसी-बस्ती मार्ग पर स्थित लोहरौली चौराहे के पास शुक्रवार देर रात दो बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में बाइक सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि, दूसरा घायल हो गया। रुधाैली सीएचसी से घायल को बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही मामले की जांच शुरू कर दी है।
शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के धौरहरा गांव निवासी बैजू (50) पुत्र अवध बाइक से किसी काम से बस्ती गया था। बताया जा रहा है कि देर रात वह घर लौट था, अभी सिद्धार्थनगर जिले के शिवनगर डिड़ई थाना क्षेत्र के लोहरौली चाैराहे के पास पहुंचा था कि बांसी की ओर से आ रही बाइक से आमने-सामने टक्कर हो गई।
हादसा देखकर मौके पर पहुंचे लोगों की मदद से तिलाैली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने बैजू को मृत घोषित कर दिया। जबकि, दूसरे घायल को प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखकर बस्ती जिला अस्पताल रेफर कर दिया। उसका नाम पता नहीं चल पाया। उधर, शिवनगर डिड़ई थाने की पुलिस ने शव का पंचनामा करके पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसओ शिवनगर शशांक सिंह ने कहा कि इस संबंध में मुकदमा पंजीकृत कर मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया, दोनों बाइक थाने पर हैं।